शनिवार को फिर बंगाल के चुनावी रण में उतरेंगे सीएम योगी, जनसभा और रोड शो से साधेंगे चुनावी माहौल
पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को एक बार फिर भाजपा के स्टार प्रचारक के रूप में मैदान में उतरेंगे। अपने दौरे में वे उत्तर बंगाल से लेकर जंगलमहल क्षेत्र तक तीन जिलों में लगातार जनसभाएं और रोड शो करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सीएम योगी दोपहर 12 बजे कूच बिहार के माथाभांगा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी निशीथ प्रमाणिक के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे जलपाईगुड़ी के धूपगुड़ी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार नरेश चंद्र राय के पक्ष में दूसरी जनसभा करेंगे। दिन के अंतिम चरण में योगी आदित्यनाथ बांकुरा जिले में रोड शो करेंगे, जहां भाजपा प्रत्याशी नीलाद्री शेखर दाना के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी की गई है। पार्टी का दावा है कि इन सभाओं में भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है और चुनावी माहौल भाजपा के पक्ष में बनता दिख रहा है।
सीएम योगी का ममता सरकार पर हमला, बोले- “टीएमसी के राज में माफिया और अराजकता हावी”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के बाराबनी, रामपुरहाट और बोलपुर में आयोजित चुनावी जनसभाओं में कांग्रेस, वामपंथियों और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में विकास, सुरक्षा और रोजगार के लिए डबल इंजन सरकार जरूरी है और भाजपा ही राज्य को “क्राइम और माफिया राज” से मुक्त करा सकती है। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि टीएमसी के शासन में सैंड, कोल और लैंड माफिया सक्रिय हैं और जनता भय के माहौल में जी रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार आने पर बंगाल में अपराध और अराजकता खत्म होगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया और कहा कि यूपी में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है तथा विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। योगी ने लोगों से भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की अपील की।
परिसीमन का विरोध एससी-एसटी सीटों के विरोध जैसा, विपक्ष के रुख पर उठाए सवाल : अमित शाह
लोकसभा में शुक्रवार को परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर जोरदार बहस देखने को मिली, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह ने सरकार का पक्ष रखते हुए विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया। अमित शाह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को मजबूत करना है और इसके लिए परिसीमन की प्रक्रिया जरूरी है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह विधेयक का विरोध कर रहा है, जबकि चर्चा के दौरान कई सदस्यों ने समर्थन की बात कही थी। गृह मंत्री ने कहा कि 1971 के बाद लोकसभा सीटों की संख्या स्थिर रही है, जबकि जनसंख्या और मतदाता संख्या में काफी वृद्धि हुई है। उन्होंने तर्क दिया कि कुछ संसदीय क्षेत्रों में 30 लाख से अधिक मतदाता हैं, जिससे प्रतिनिधित्व और प्रभावी कार्य करने में कठिनाई होती है। अमित शाह ने यह भी कहा कि परिसीमन के बाद संसदीय प्रतिनिधित्व अधिक संतुलित होगा और सभी राज्यों को उचित भागीदारी मिलेगी। उन्होंने बताया कि सरकार जातिगत जनगणना कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रही है। उन्होंने विपक्ष पर सदन में भ्रम फैलाने और विरोधाभासी रुख अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करना और सभी वर्गों को समान प्रतिनिधित्व देना है।
राहुल गांधी को दोहरी नागरिकता मामले में राहत नहीं, FIR और CBI जांच के आदेश
इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दोहरी नागरिकता मामले में एफआईआर दर्ज करने और जांच सीबीआई को सौंपने के आदेश दिए हैं। यह मामला निचली अदालत के उस फैसले के खिलाफ दायर याचिका से जुड़ा है, जिसमें एफआईआर की मांग खारिज कर दी गई थी। सुनवाई के दौरान यूपी सरकार की ओर से सीबीआई जांच की मांग की गई, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। कोर्ट ने निर्देश दिया कि एफआईआर दर्ज कर जांच सीबीआई को ट्रांसफर की जाए। यह याचिका कर्नाटक के भाजपा कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर द्वारा दाखिल की गई थी, जिसमें राहुल गांधी पर कथित दोहरी नागरिकता और कई कानूनों के उल्लंघन के आरोप लगाए गए थे।
महिला आरक्षण विधेयक पर राहुल गांधी का हमला, बोले- यह बिल सशक्तिकरण नहीं, राजनीतिक खेल है
लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह विधेयक महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़ा नहीं है और इसका वास्तविक उद्देश्य राजनीतिक लाभ और चुनावी ढांचे में बदलाव करना है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार ओबीसी, एससी और एसटी समुदायों के अधिकारों को कमजोर कर रही है और जाति जनगणना के प्रतिनिधित्व पर असर डालने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि परिसीमन से महिला सशक्तिकरण संभव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि दक्षिण, पूर्वोत्तर और छोटे राज्यों के प्रतिनिधित्व को कम नहीं होने दिया जाएगा और विपक्ष इस विधेयक के मौजूदा स्वरूप का विरोध करेगा।
लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान रवि किशन का बयान, सदन में गूंजे ठहाके
लोकसभा में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर चल रही ऐतिहासिक चर्चा के दौरान गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन का एक बयान सदन में आकर्षण का केंद्र बन गया। चर्चा के बीच उन्होंने कहा कि वे अपनी पत्नी का बहुत सम्मान करते हैं और आज भी उनके पैर छूते हैं। रवि किशन ने कहा कि इसमें उन्हें कोई झिझक नहीं है, क्योंकि उनकी पत्नी उनके जीवन में शक्ति का स्वरूप हैं और घर को संभालने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने इस अवसर पर महिला सम्मान को भारतीय संस्कृति और अपनी पार्टी के संस्कारों का हिस्सा बताया। उनके इस बयान पर सदन में मौजूद सांसदों के बीच हल्का-फुल्का माहौल बन गया। संचालन कर रहे जगदंबिका पाल ने भोजपुरी अंदाज में टिप्पणी करते हुए कहा कि यह संदेश दूर-दूर तक जाता है कि रवि किशन पत्नीव्रता हैं, जिससे सदन में हंसी-ठिठोली का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि यह पूरी चर्चा महिला आरक्षण बिल के समर्थन में हो रही बहस के दौरान हुई, जिसे ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के रूप में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
जांच किसी विशेष जाति के अधिकारी से कराने की मांग कानून के खिलाफ : हाईकोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि कोई भी व्यक्ति यह मांग नहीं कर सकता कि उसके मामले की जांच किसी विशेष जाति या उसकी पसंद के अधिकारी से कराई जाए। कोर्ट ने इसे कानून के खिलाफ और प्रक्रिया का दुरुपयोग बताया। यह टिप्पणी जालौन से जुड़ी एक याचिका पर सुनवाई के दौरान की गई, जिसमें शिकायतकर्ता ने एससी समुदाय के अधिकारी से जांच कराने की मांग की थी। हाईकोर्ट ने कहा कि इस तरह की मांग स्वीकार्य नहीं है और जांच प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास है। कोर्ट ने संबंधित मामले की आगे की कार्यवाही पर रोक लगाते हुए अगली सुनवाई की तारीख 30 अप्रैल 2026 तय की है।
शेयर बाजार में हल्की बढ़त, सेंसेक्स 177 अंक चढ़ा, निफ्टी 24,234 के पार
घरेलू शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन हल्की तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 177.52 अंक बढ़कर 78,166.20 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 37.4 अंक की बढ़त के साथ 24,234.15 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। एशियाई बाजारों में नरमी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच निवेशकों की धारणा सकारात्मक रही। इसके साथ ही डॉलर के मुकाबले रुपया भी 27 पैसे मजबूत होकर 92.87 पर पहुंच गया। विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव में कमी और विदेशी निवेशकों की वापसी से बाजार को समर्थन मिला है, जिससे कारोबार में मजबूती देखी जा रही है।
ऊंचे तेल भाव में भी 6.3% तक बढ़ सकती है भारत की अर्थव्यवस्था
वैश्विक रेटिंग एजेंसी एसएंडपी ने कहा है कि कच्चे तेल की कीमत 130 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचने के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था 6.3% की दर से बढ़ सकती है, जबकि 85 डॉलर के आधार स्तर पर वृद्धि 7.1% तक रह सकती है। एजेंसी के अनुसार, भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा, लेकिन ऊंची तेल कीमतें महंगाई, चालू खाता घाटा और कंपनियों की कमाई पर दबाव डाल सकती हैं। एसएंडपी ने चेतावनी दी कि ऊर्जा संकट लंबा खिंचने पर कई क्षेत्रों में कर्ज और एनपीए बढ़ सकते हैं, हालांकि भारत की संप्रभु रेटिंग पर तत्काल कोई खतरा नहीं है।
रोहित शर्मा की चोट पर बड़ा अपडेट, कोच जयवर्धने ने बताया स्थिति गंभीर नहीं; हार्दिक पांड्या पर भी दिया बयान
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन अब तक उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा है। टीम ने शुरुआती जीत के बाद लगातार चार मैच गंवाए हैं और अंक तालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गई है। टीम के लिए बड़ी चिंता यह है कि स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा चोटिल हैं और पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में भी नहीं खेले। आरसीबी के खिलाफ मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण उन्हें बीच में ही मैदान छोड़ना पड़ा था। मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने बताया कि रोहित की चोट गंभीर नहीं है और उन्होंने हल्की ट्रेनिंग शुरू कर दी है, लेकिन टीम उन्हें जल्दबाजी में मैदान पर नहीं उतारना चाहती। उन्होंने यह भी कहा कि टीम की खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी किसी एक खिलाड़ी की नहीं, बल्कि पूरे समूह की है और सभी को मिलकर सुधार करना होगा।