बकरीद को लेकर चन्दौली में पीस कमेटी की बैठक आयोजित।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की

चन्दौली
आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्दौली श्री चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक चन्दौली श्री आकाश पटेल ने की। इस दौरान जनपद के मुस्लिम धर्मगुरु, गणमान्य व्यक्ति तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बकरीद के अवसर पर साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

वहीं पुलिस अधीक्षक श्री आकाश पटेल ने उपस्थित धर्मगुरुओं एवं गणमान्य लोगों से अपील की कि नमाज केवल निर्धारित स्थलों और मस्जिदों के अंदर ही अदा की जाए। साथ ही कुर्बानी के दौरान प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की बात कही।

पुलिस अधीक्षक ने सभी लोगों से आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में बकरीद पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सदर श्री अनन्त चंद्रशेखर, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन श्री सतीश चन्द्र शुक्ला, जनपद के समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *