कालिका धाम इंटर कॉलेज के पास छात्राओं पर फब्तियां कस रहे तीन मनचले गिरफ्तार।

कपसेठी थाना की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम की कार्रवाई, बीएनएस की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती ज़ोन अंतर्गत थाना कपसेठी की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम ने विद्यालय के आसपास छात्राओं से अभद्रता करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सोमवार को थानाध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम विद्यालयों एवं बाजारों के आसपास महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम कालिका धाम इंटर कॉलेज के पास पहुंची, जहां तीन युवक विद्यालय आने-जाने वाली छात्राओं पर अशोभनीय टिप्पणियां कर अभद्र फब्तियां कस रहे थे।

पुलिस ने तत्काल तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उनकी पहचान ऋषिकेश सिंह (18 वर्ष) निवासी गणपतिपुर कोटिया, पवन राजभर (18 वर्ष) निवासी लोहराडीह तथा जयसिंह (19 वर्ष) निवासी दलापलिपुर कुटिया सकलपुर सका, थाना कपसेठी, जनपद वाराणसी के रूप में हुई।

पुलिस ने तीनों के विरुद्ध थाना कपसेठी में बीएनएस की धारा 296 के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं विद्यालय के आसपास मौजूद अन्य लोगों को भी भविष्य में इस प्रकार की हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक विकास कुमार, उपनिरीक्षक सतीशचंद्र गुप्ता, आरक्षी प्रमोद कुमार, महिला आरक्षी माला, ज्योतिका, सोनी मौर्या एवं सौम्या देवी शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *