समाचार आजकल।

वाराणसी: कांवड़ यात्रा से पहले पुलिस की अहम बैठक, होटल-ढाबा संचालकों को किया गया जागरूक।
वाराणसी। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र ने शनिवार को थाना मिर्जामुराद परिसर में कांवड़ मार्ग पर स्थित होटल, ढाबा, चिकित्सालय एवं अन्य प्रतिष्ठानों के संचालकों के साथ गोष्ठी की। बैठक में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से सभी को अवगत कराते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस उपायुक्त ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। सभी होटल, ढाबों और प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा बासी या मिलावटी खाद्य सामग्री का उपयोग न किया जाए।
उन्होंने सभी प्रतिष्ठानों पर स्पष्ट रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, निर्धारित मूल्य से अधिक राशि न वसूलने, प्रतिष्ठानों के बाहर अतिक्रमण न करने तथा पार्किंग व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने, कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल-112 पर देने को कहा।
बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहने, धार्मिक सौहार्द बनाए रखने, कानून अपने हाथ में न लेने तथा किसी भी विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। इसके अलावा मीट, मछली एवं मुर्गा विक्रेताओं को भी शासन और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने तथा धार्मिक संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब, प्रभारी निरीक्षक मिर्जामुराद सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।