कांजी हाउस में गोवंशो के देख-रेख में लापरवाही बरतने पर नगर आयुक्त ने की बड़ी कार्यवाही
नगर निगम, वाराणसी द्वारा ग्राम ऐढ़े में संचालित गोवंशों के रख-रखाव में लापरवाही बरतने पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के द्वारा सम्बन्धित दोषी कर्मचारियों के विरूद्ध कार्यवाही की गयी है। पिछली रात एक बड़े बिगड़ैल गोवंश के द्वारा एक छोटे गोवंश (बछड़े) को मार दिया था तथा सुरक्षा में लगे गेट को क्षतिग्रस्त कर दिया था, बाहरी श्वान के द्वारा गेट के भीतर घुसकर मृत गोवंश (बछड़े) के शव को छति पहुॅचाई गयी। समस्त प्रकरण संज्ञान में आने पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के द्वारा तत्काल सुरक्षा में लगे एक संविदा कर्मी की सेवा को समाप्त कर दिया गया तथा सम्बन्धित राजस्व निरीक्षक के विरूद्ध कार्यवाही करते हुये हटा दिया गया है। इस प्रकरण में कांजी हाउस के प्रभारी अधिकारी पशु कल्याण के विरूद्ध कार्यवाही हेतु शासन को पत्र प्रेषित किया गया है। नगर निगम, वाराणसी द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुये क्षतिग्रस्त गेट का मरम्मत करा दिया गया है।