स्मार्ट/प्रीपेड मीटर के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन।

स्मार्ट/प्रीपेड मीटर के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
वाराणसी समेत पूरे उत्तर प्रदेश में स्मार्ट/प्रीपेड बिजली मीटर के विरोध में आज महानगर एवं जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में सिगरा स्थित अभियंता (वितरण) कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में बिजली विभाग द्वारा जबरन प्रीपेड/स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे आम जनता को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यक्रम के तहत बुधवार सुबह 11 बजे सिगरा पेट्रोल पंप के समीप स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाल गंगाधर तिलक की प्रतिमा पर कार्यकर्ता एकत्र हुए। यहां माल्यार्पण एवं संकल्प लेने के बाद सभी लोग जुलूस के रूप में अभियंता (वितरण) कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगें जोरदार तरीके से उठाईं। इस दौरान सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन के बाद जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल एवं महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि प्रदेश में स्मार्ट/प्रीपेड मीटर के नाम पर आम जनता का सुनियोजित आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना उपभोक्ताओं की सहमति के पुराने मीटर हटाकर जबरन प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
नेताओं ने यह भी कहा कि इस व्यवस्था में तकनीकी खामियां, गलत बिलिंग और रिचार्ज से जुड़ी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन उनका समाधान समय पर नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह नीति निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से लागू की जा रही है, जबकि आम जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
प्रमुख मांगें:
जबरन लगाए गए प्रीपेड/स्मार्ट मीटर तत्काल हटाए जाएं और पुरानी व्यवस्था बहाल की जाए।
नए कनेक्शनों में प्रीपेड मीटर की अनिवार्यता समाप्त की जाए।
पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों एवं संबंधित कंपनियों पर कार्रवाई की जाए।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र इस नीति को वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस पार्टी व्यापक जनआंदोलन छेड़ेगी और सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
अंत में उन्होंने वाराणसी की जनता से अपील की कि वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर इस व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाएं।
कार्यक्रम का संयोजन महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने किया। इस अवसर पर राजेश्वर सिंह पटेल, प्रजानाथ शर्मा, फसाहत हुसैन बाबू, सतनाम सिंह, सजीव सिंह, वीरेन्द्र कपूर, अरुण सोनी, गिरीश पाण्डेय, राजीव राम, वकील अंसारी, दिलीप चौबे, देवेन्द्र प्रताप सिंह, रामकेश यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *