नो-पार्किंग में खड़े 168 वाहनों पर ₹5.34 लाख का जुर्माना।

कार्यालय पुलिस अधीक्षक जनपद चन्दौली
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक : 08 मई, 2026
चन्दौली। उच्चाधिकारियों के निर्देशन में जनपद में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु यातायात पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यातायात पुलिस चन्दौली द्वारा चंधासी कोयला मंडी क्षेत्र में अवैध रूप से नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस टीम द्वारा चंधासी कोयला मंडी के समीप सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े कुल 168 वाहनों के विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई करते हुए कुल ₹5,34,000 का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
सघन चेकिंग अभियान
चंधासी कोयला मंडी क्षेत्र में अक्सर सड़क पर खड़े भारी एवं हल्के वाहनों के कारण यातायात बाधित होने तथा दुर्घटना की आशंका को लेकर शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया।
चेतावनी एवं जागरूकता अभियान
कार्रवाई से पूर्व पुलिस टीम द्वारा लाउडस्पीकर के माध्यम से वाहन स्वामियों एवं चालकों को जागरूक करते हुए निर्देशित किया गया कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। पुलिस ने बताया कि सड़क पर वाहन खड़ा करना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे आमजन को असुविधा एवं दुर्घटना की संभावना भी बढ़ जाती है।
चालानी कार्रवाई
बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए ई-चालान जारी किए गए। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों को अवरुद्ध करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।