
पत्रकार हितों की रक्षा और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए सभी ने जताई एकजुटता
चंदौली। चंदौली प्रेस क्लब के कैंप कार्यालय का भव्य उद्घाटन मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान जिले के पत्रकारों ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए पत्रकार हितों की रक्षा, संगठन की मजबूती तथा निष्पक्ष पत्रकारिता के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। सभी पत्रकारों ने एकजुट होकर पत्रकार समाज के अधिकारों एवं सम्मान के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर चंदौली प्रेस Club के लिए भूमि एवं अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से मिले आश्वासन का भी उल्लेख किया गया। प्रेस क्लब के संस्थापक अध्यक्ष राम अवतार तिवारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा पूर्व में जिलाधिकारी चंदौली को दिए गए ज्ञापन का विवरण भी कैंप कार्यालय में उपस्थित सभी पत्रकारों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि अभी तक उन्हें संगठन की ओर से प्रेस क्लब के संबंध में कोई औपचारिक प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि पत्रकार साथी उन्हें विधिवत ज्ञापन उपलब्ध कराते हैं तो वह इस विषय पर गंभीरता से विचार-विमर्श करेंगे तथा पत्रकार हित में प्रेस क्लब के लिए भूमि एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण रहा तथा पत्रकार एकता को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।