चंदौली। चंधासी कोयला मंडी में कोयला लदा ट्रक लेकर फरार हुआ चालक मुगलसराय कोतवाली पर दिया गया प्रार्थना पत्र।

समाचार आजकल।

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र स्थित चंधासी कोयला मंडी में एक कोयला कारोबारी के यहां चोरी और गबन का मामला सामने आया है। आरोप है कि कोयला लादकर आए ट्रक चालक ने फर्म के कार्यालय से 50 हजार रुपये नकदी चुरा ली और कोयला लदे ट्रक समेत फरार हो गया। मामले में पीड़ित फर्म मालिक ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार, फर्म मालिक आर्यन कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि धनबाद निवासी सोनू शुक्ला द्वारा उनकी फर्म के लिए कोयला भेजा गया था। कोयला लेकर चालक संतोष कुमार यादव चंधासी कोयला मंडी पहुंचा था। बाजार में कोयले की मांग कम होने के कारण ट्रक को दो दिनों तक मंडी में खड़ा रखा गया था। इस दौरान चालक के रहने और खाने-पीने की व्यवस्था भी कराई गई थी।

फर्म मालिक के अनुसार, 6 जून को सोनू शुक्ला और चालक संतोष कुमार यादव के साथ कॉल कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत हुई थी। चालक को बुधवार सुबह कोयला उतारने के लिए कहा गया था, लेकिन निर्धारित समय पर ट्रक मंडी में नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा।

आरोप है कि चालक रात में फर्म की गद्दी पर ही रुका था और वहीं से गल्ले में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद लेकर ट्रक समेत फरार हो गया। घटना के बाद से चालक का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।

पीड़ित ने मुगलसराय कोतवाली में लिखित तहरीर देने के साथ ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) को भी मामले से अवगत कराया है। वहीं पुलिस अधीक्षक से मिलकर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक तथा ट्रक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *