वाराणसी बरेका में पान की दुकान का ताला तोड़कर हजारों की चोरी, पुलिस व आरपीएफ के सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के बरेका स्थित सिनेमा हॉल के सामने स्थित एक पान की दुकान में बीती रात चोरों ने ताला तोड़कर हजारों रुपये की नकदी और सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने बरेका पुलिस चौकी में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार बरेका सिनेमा हॉल के सामने किशन पान भंडार नाम से दुकान संचालित करने वाले अखिलेश उर्फ गुड्डू बुधवार रात रोज की तरह दुकान बंद कर अपने ककरमत्ता स्थित घर चले गए। गुरुवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो दराज में रखी नकदी और कुछ सामान गायब था। चोरी की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

दुकानदार के मुताबिक चोर करीब 12 से 14 हजार रुपये मूल्य की नकदी और सामान लेकर फरार हो गए। घटना के संबंध में उन्होंने बरेका पुलिस चौकी में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और चोरी का खुलासा करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी दुकान में दो बार चोरी का प्रयास किया जा चुका है, हालांकि तब चोर सफल नहीं हो पाए थे। वहीं कुछ महीने पहले पास की एक दही-लस्सी की दुकान से भी करीब पांच हजार रुपये नकद चोरी होने की घटना सामने आई थी।

लगातार सामने आ रही चोरी की वारदातों से क्षेत्र के दुकानदारों में रोष व्याप्त है। व्यापारियों का कहना है कि बरेका जैसे संवेदनशील क्षेत्र में पुलिस और आरपीएफ की मौजूदगी के बावजूद चोरी की घटनाएं होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *