
समाचार आजकल।
चंदौली प्रशासन इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जनपदवासियों को उत्तम स्वास्थ्य की सौगात देने के लिए पूरी तरह प्रतिज्ञाबद्ध
आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) और ‘योग सप्ताह’ (15 जून से 21 जून) को जनपद में भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी (जनपद वाराणसी) के कुशल मार्गदर्शन में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह प्रशिक्षण शिविर राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय पचोखर के योगा हॉल में आयोजित हुआ, जिसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए योग सहायकों और सहायिकाओं ने भाग लिया।
मास्टर ट्रेनर द्वारा दिए गए सफलता के मंत्र
कार्यक्रम के मुख्य प्रशिक्षक (मास्टर ट्रेनर) रमेश मौर्य द्वारा सभी प्रतिभागी योग सहायकों एवं सहायिकाओं को गहन और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इस ट्रेनिंग के दौरान कॉमन योग प्रोटोकॉल (CYP) आगामी 21 जून को होने वाले मुख्य आयोजन के लिए निर्धारित ‘सामान्य योग प्रोटोकॉल’ के आसनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का शुद्ध अभ्यास कराया गया। इस दौरान आम जनमानस को योग से सहजता से जोड़ने और उन्हें दैनिक जीवन में योग अपनाने के लिए प्रेरित करने के गुर सिखाए गए। अलग-अलग आयु वर्ग (बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों) को उनकी शारीरिक क्षमता के अनुसार योग सिखाने की तकनीकों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस विशेष प्रशिक्षण का मूल उद्देश्य 15 से 21 जून तक चलने वाले योग सप्ताह को जनपद के कोने-कोने तक पहुंचाना है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योग के शारीरिक और मानसिक लाभ पहुंच सकें।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के मार्गदर्शन में इस बार प्रशासन का लक्ष्य है कि योग को सिर्फ एक दिवसीय आयोजन न बनाकर, इसे एक ‘जन आंदोलन’ और ‘पारिवारिक स्वास्थ्य संस्कृति’ के रूप में स्थापित करना है।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अब ये सभी योग सहायक और सहायिकाएं जनपद चंदौली के विभिन्न ग्रामीण, अर्द्ध-शहरी और शहरी क्षेत्रों में तैनात किए जाएंगे। ग्राम पंचायतें, ब्लॉक मुख्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHCs) और स्कूलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर महिलाएं, किसान, बुजुर्ग और स्कूली बच्चे को 15 जून से प्रतिदिन सुबह विशेष योग शिविरों का संचालन कर योगाभ्यास कराया जाएगा।
जनपद में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी जनपद वाराणसी डॉक्टर अरविंद कुमार सिंह द्वारा विभिन्न आयोजन कराया जाएगा।