चंदौली।जनता की समस्याओं के निस्तारण को लेकर सक्रिय दिखे एसपी चन्दौली, जनता दर्शन में सुनीं 36 फरियादियों की शिकायतें।

समाचार आजकल।

चन्दौली, पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जनता दर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी शिकायतें और समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत कीं। एसपी ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें न्यायोचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आम जनता को न्याय दिलाना और उनकी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना चन्दौली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्राप्त प्रार्थना पत्रों के संबंध में संबंधित थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों से स्वयं वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ शिष्ट एवं विनम्र व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष एवं विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जनता दर्शन के दौरान पुलिस अधीक्षक को कुल 36 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *