चंदौली NH-19 पर दर्दनाक हादसा: शारदा नेत्रालय के कर्मचारी की मौत, परिवार में मचा कोहराम।

चंदौली। जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पचफेड़वा स्थित NH-19 ओवरब्रिज के समीप रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतक की पहचान धर्मेंद्र तिवारी (28 वर्ष) पुत्र निवासी ग्राम पिपरी, पोस्ट बरथरा कला, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र वाराणसी स्थित शारदा नेत्रालय अस्पताल में कार्यरत थे और प्रतिदिन की तरह अपने घर से ड्यूटी के लिए जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार पचफेड़वा स्थित NH-19 ओवरब्रिज के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

धर्मेंद्र तिवारी की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हादसे में शामिल वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *