
चन्दौली: आज दिनांक 07.05.2026 को पुलिस लाइन चन्दौली के नवीन सभागार में पुलिस अधीक्षक चन्दौली, श्री आकाश पटेल द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक सदर, अनन्त चन्द्रशेखर व अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन सतीश चन्द्र शुक्ला की उपस्थिति में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं थाना प्रभारियों/थानाध्यक्षों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ‘ऑपरेशन क्लीन’ और ‘साइबर सुरक्षा’ के साथ-साथ जनसुनवाई, मिशन शक्ति और यातायात व्यवस्था जैसे जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश निर्गत किए गए।
1. ‘ऑपरेशन क्लीन’: थानों को कबाड़ मुक्त करने का संकल्प-
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि थानों में वर्षों से खड़े लावारिस व मुकदमाती वाहन न केवल परिसर की छवि धूमिल करते हैं, बल्कि कार्यस्थल की सुगमता को भी प्रभावित करते हैं।
नीलामी में तेजी: समस्त क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे विधिक प्रक्रिया पूर्ण कर लंबित वाहनों की नीलामी ‘युद्धस्तर’ पर सुनिश्चित करें।
अभिलेख मिलान: मालखानों के सामान और वाहनों का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट प्रेषित करने के आदेश दिए गए।
समयबद्ध निस्तारण- ऑपरेशन क्लीन के तहत समस्त थानों को समयबद्ध निस्तारण के लिए टाइमलाइन के साथ SOP बनाकर दी गई है।
2. साइबर अपराध: तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई-
साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने हेतु विवेचकों के साथ विशेष संवाद किया गया:
धनराशि की वापसी:- एसपी ने निर्देश दिए कि साइबर फ्रॉड की सूचना मिलते ही तत्काल बैंक खातों को फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू की जाए ताकि पीड़ितों की मेहनत की कमाई वापस मिल सके।
साथ ही साइबर फ्रॉड में बड़ी धनराशि के मामलों की समीक्षा की गई। विवेचकों को अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं धनराशि बरामद करने के आवश्यक निर्देश दिए गए।
हेल्प डेस्क की सक्रियता:- प्रत्येक थाने पर स्थापित ‘साइबर हेल्प डेस्क’ को और अधिक प्रभावी बनाने तथा युवाओं व ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
3.सुदृढ़ कानून व्यवस्था हेतु सतर्कता-
पुलिस अधीक्षक ने जनपद की शांति व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निम्नलिखित निर्देश दिए:
सतर्क दृष्टि: वर्तमान परिदृश्य को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में छोटी से छोटी घटना को गंभीरता से लेने और खुफिया तंत्र (बीट पुलिसिंग) को मजबूत करने हेतु निर्देशित किया गया।
फुट पेट्रोलिंग: भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर नियमित पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि आम जनमानस में सुरक्षा का भाव पैदा हो।
अपराधियों पर नकेल: हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी और जिला बदर अपराधियों के विरुद्ध कठोर निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
साथ ही सभी थाना प्रभारियों/थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि धाराओं में न्यूनीकरण न हों व मनबढ़, दबंग किस्म के अपराधियों पर गंभीर धाराओं में अभियोग दर्ज कर कठोर कार्यवाही की जाए।
4. जनसुनवाई एवं मिशन शक्ति अभियान-
पीड़ितों की शिकायतों के निस्तारण को प्राथमिकता देते हुए एसपी चन्दौली ने कहा:
त्वरित निस्तारण: थाना स्थानीय पर आने वाले समस्त फरियादियों से सरल,सहज व सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाये, जनसुनवाई के दौरान आने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो। फरियादियों के साथ पुलिस का व्यवहार अत्यंत विनम्र और सहानुभूतिपूर्ण होना चाहिए।
महिला सुरक्षा (मिशन शक्ति): जनपद में ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय रहने तथा गांवों/स्कूलों में जाकर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा हेल्पलाइन के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
5. यातायात व्यवस्था एवं विवेचना निस्तारण-
सुगम यातायात: शहर एवं कस्बों में जाम की समस्या से मुक्ति हेतु यातायात पुलिस को प्रभावी चेकिंग और रूट डायवर्जन प्लान पर काम करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई।
गुणवत्तापूर्ण विवेचना: लंबित विवेचनाओं का निस्तारण साक्ष्यों के आधार पर समय सीमा के भीतर करने के कड़े निर्देश दिए गए ताकि अपराधियों को सजा दिलाई जा सके।
6.रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण की समीक्षा-
रिक्रूट्स आरक्षियों के व्यावहारिक प्रशिक्षण के संबंध में समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष को निर्देशित किया गया कि वह रिक्रूट आरक्षियों के द्वारा सम्पादित किये जा रहे कार्य की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करें। रिक्रूट्स के समीक्षा कर ABCDE श्रेणी में साप्ताहिक वर्गीकरण तैयार करने हेतु निर्देश जारी किए गए।