चन्दौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 58 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, गुजरात के दो तस्कर गिरफ्तार.

समाचार आजकल।

चन्दौली। चन्दौली पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान के तहत अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए करीब 58 लाख रुपये मूल्य की 663 पेटी (5,898.600 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में गुजरात के दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो पंजाब से शराब की खेप लेकर बिहार जा रहे थे।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय एवं सर्विलांस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में नवीन मंडी समिति गेट के पास वाराणसी-बिहार राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध ट्रक (JH16K6822) को रोका गया। जांच में ट्रक के भीतर लोहे का विशेष गुप्त केबिन बनाया गया था, जिसे चारों ओर लकड़ी के बुरादे से ढककर अवैध शराब छिपाई गई थी ताकि किसी को संदेह न हो।

केबिन खोलने पर पुलिस ने विभिन्न ब्रांड की 663 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हितेश देसाई (42 वर्ष) और उमेश परमार (26 वर्ष), निवासी अहमदाबाद (गुजरात) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब से शराब बिहार पहुंचाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। इसके बदले उन्हें प्रति चक्कर 50 हजार रुपये तथा बिक्री पर 2 प्रतिशत कमीशन मिलता था। पुलिस अब इस अवैध तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

इस मामले में थाना चन्दौली कोतवाली में मु0अ0सं0-344/2026 के तहत धारा 60/63 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, उपनिरीक्षक तरुण कुमार कश्यप, उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह तथा सर्विलांस टीम के उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा, हेड कांस्टेबल राणा प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल रामानंद यादव और कांस्टेबल नीरज कुमार मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *