
वाराणसी। आगामी श्रावण मास को देखते हुए पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का व्यापक जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रावण मास की समस्त तैयारियां महाकुंभ स्तर की व्यापकता और दक्षता के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
पुलिस आयुक्त ने स्थानीय नेमी दर्शनार्थियों (काशीवासियों) के लिए गेट नंबर-4 से जिग-जैग बैरिकेडिंग के माध्यम से विशेष प्रवेश व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि उनके नियमित दर्शन सुगमता से हो सकें। साथ ही सामान्य दिनों में व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों, इसके लिए मार्गों को यथासंभव खुला रखने और केवल विशेष अवसरों पर ही अतिरिक्त बैरिकेडिंग लगाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं के मोबाइल एवं अन्य सामान जमा करने की व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक बनाने, गोदौलिया और मैदागिन मार्ग पर जिग-जैग बैरियर लगाने तथा पार्किंग की व्यवस्था मंदिर से 500 मीटर से 1 किलोमीटर के दायरे में सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
श्रावण मास के दौरान मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और अन्य आधुनिक तकनीकों से लगातार निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस, अर्धसैनिक बल और एटीएस की संयुक्त तैनाती की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण, सुगम दर्शन और निर्बाध यातायात उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, डीसीपी सुरक्षा अनिल कुमार यादव, एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर, एडीसीपी सुरक्षा नम्रता श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।