अलीनगर पुलिस व आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, 23.45 लीटर अवैध शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार।बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर ट्रेनों से करते थे तस्करी, करीब 25 हजार रुपये की शराब बरामद।

चंदौली। थाना अलीनगर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 23.45 लीटर अवैध अंग्रेजी एवं देशी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में थाना अलीनगर पुलिस एवं आरपीएफ टीम ने मुखबिर की सूचना पर लोको कॉलोनी स्थित अस्पताल के पास संयुक्त छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान तीन युवकों को पिट्ठू बैग में अवैध शराब लेकर जाते हुए गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित कुमार (19 वर्ष), दीपक कुमार (21 वर्ष) और शमशाद अंसारी (23 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे उत्तर प्रदेश के विभिन्न शराब ठेकों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में शराब खरीदकर इकट्ठा करते थे और ट्रेनों के माध्यम से बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचते थे। बिहार में लागू शराबबंदी का फायदा उठाकर वे इस अवैध कारोबार से मुनाफा कमाते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 टेट्रा पैक After Dark (180 एमएल), 20 टेट्रा पैक 8 PM (180 एमएल), 3 बोतल Royal Stag (750 एमएल) तथा 52 टेट्रा पैक Blue Lime देशी शराब (200 एमएल) बरामद की है। कुल मिलाकर 23.45 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।

इस मामले में थाना अलीनगर पर मु.अ.सं. 435/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *