चंदौली में अवैध धर्मांतरण गिरोह का भंडाफोड़, सकलडीहा पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार।

प्रार्थना सभा की आड़ में धर्म परिवर्तन कराने का आरोप, बाइबिल, 200 पम्पलेट, धार्मिक साहित्य, माइक, वाहन व अन्य सामान बरामद

समाचार आजकल।

चंदौली। सकलडीहा पुलिस ने अवैध धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम इटवा स्थित एक मकान में प्रार्थना सभा की आड़ में लोगों को कथित रूप से प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गुरुवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, मौके पर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौजूद थे और कुछ लोग माइक के माध्यम से ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार कर रहे थे, जबकि अन्य लोग धार्मिक पुस्तकें और प्रचार सामग्री वितरित कर रहे थे।

पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में धीरज सिंह (गाजीपुर), राजेश मौर्य, कमलेश कुमार (चंदौली), गुड्डू, दिनेश कुमार पटेल (वाराणसी) तथा अजीत कुमार (चंदौली) शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वे सामूहिक प्रार्थना सभा आयोजित कर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करते थे तथा धार्मिक साहित्य वितरित करते थे।

पुलिस ने मौके से सात बाइबिल, 200 धार्मिक पम्पलेट, 50 धार्मिक पुस्तिकाएं, एक होम थिएटर, दो माइक, एक कार और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

इस मामले में थाना सकलडीहा पर मु.अ.सं. 145/2026 के तहत उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2024 की धारा 3/5(1) में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *