श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर वाराणसी प्रशासन अलर्ट, पुलिस आयुक्त और डीएम ने किया कांवड़ मार्ग का निरीक्षण, कांवड़ियों के लिए विश्राम शिविर, मेडिकल सुविधा, आरक्षित लेन, हर 4 किमी पर पुलिस चौकी और हर 3 किमी पर पीआरवी रहेगी तैनात।

वाराणसी। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने कांवड़ यात्रा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान निर्णय लिया गया कि कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए विश्राम शिविर स्थापित किए जाएंगे, जहां चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से भंडारे का भी आयोजन कराया जाएगा। कांवड़ियों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए प्रयागराज से मंडुवाडीह तक एक लेन पूरी तरह आरक्षित रहेगी, जिस पर अन्य वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पूरे कांवड़ मार्ग पर प्रत्येक चार किलोमीटर पर अस्थायी पुलिस चौकी तथा प्रत्येक तीन किलोमीटर पर पीआरवी टीम तैनात रहेगी। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 10 क्विक रिस्पांस टीम (QRT) भी सक्रिय रहेंगी। पूरे यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी।

प्रशासन ने मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख जलाशयों की सफाई एवं जीर्णोद्धार कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं स्नान और विश्राम स्थलों के पास जलाशयों में सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कराई जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके।

इसके अतिरिक्त जिले के प्रमुख शिव मंदिरों पर जिग-जैग बैरिकेडिंग, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, महिला पुलिस बल तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *