
चंदौली, 12 जुलाई। जनपद चंदौली में हरियाली बढ़ाने की दिशा में रविवार को वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने चकिया के जलेबिया मोड़ पर आयोजित कार्यक्रम में पीपल, पाकड़ और बरगद के पौधे रोपकर अभियान की शुरुआत की तथा जनपदवासियों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम में मंत्री का स्वागत कंपोजिट विद्यालय चकिया के विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। इसके बाद चकिया विधायक कैलाश आचार्य, पीडीडीयू नगर विधायक रमेश जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष काशी नाथ सिंह, जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिव शंकर, ब्लॉक प्रमुख, चेयरमैन चकिया तथा अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनका संरक्षण करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी लोगों से अपने घर, खेत या तालाब के किनारे कम से कम एक पौधा “एक पेड़ माँ के नाम” अवश्य लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमें ऑक्सीजन, छाया, पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ औषधीय लाभ भी प्रदान करते हैं।
मंत्री ने बताया कि इस वर्ष चंदौली जनपद के लिए 70,24,210 पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें 46,00,010 पौधे वन विभाग द्वारा तथा 24,24,200 पौधे अन्य विभागों के माध्यम से लगाए जाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को पौधे वितरित कर अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना समय की आवश्यकता है। वहीं जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने कहा कि सभी विभागों के समन्वय से पौधरोपण अभियान को सफल बनाया जाएगा और नागरिकों की सहभागिता से चंदौली को हरित बनाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।