हाथी बरनी इंटर कॉलेज के बाहर छात्राओं से अभद्रता कर रहे दो मनचले गिरफ्तार।

जंसा थाना की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम की कार्रवाई, बीएनएस की धारा 296 में मुकदमा दर्ज

वाराणसी। गोमती ज़ोन के थाना जंसा की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम ने विद्यालय के बाहर छात्राओं से अभद्रता और अशोभनीय इशारे करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सोमवार को थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम विद्यालयों एवं बाजारों के आसपास महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम हाथी बरनी इंटर कॉलेज के मुख्य गेट के पास पहुंची, जहां दो युवक विद्यालय आने-जाने वाली छात्राओं को देखकर हंसी-ठिठोली करते हुए अशोभनीय इशारे कर रहे थे।

पुलिस ने दोनों युवकों को मौके से पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान अवधेश कुमार (20 वर्ष) पुत्र अशोक राम तथा अजीत कुमार (18 वर्ष) पुत्र रामदुलार, दोनों निवासी ग्राम पचवार, थाना जंसा, जनपद वाराणसी के रूप में हुई।

इस संबंध में थाना जंसा में मु.अ.सं. 145/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296 में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही विद्यालय के आसपास मौजूद अन्य लोगों को भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक सत्यजीत सिंह, महिला उपनिरीक्षक मंजू चौरसिया, उपनिरीक्षक पवन कुमार यादव, गौरव श्रीवास्तव, अजय कुमार, मुख्य आरक्षी अरविन्द यादव, आरक्षी शुभम कुमार गौड़, महिला आरक्षी नीतू एवं प्रतिभा शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *