
वाराणसी। अपने दो दिवसीय काशी प्रवास के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार शाम विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित मां गंगा की दैनिक आरती में परिवार के साथ शामिल हुईं। उन्होंने वैदिक रीति-रिवाज से मां गंगा का पूजन-अर्चन किया और दिल्लीवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना करते हुए मां गंगा से आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री ने मां गंगा के तट पर दीप प्रज्वलित कर श्रद्धा अर्पित की। विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती के दौरान वह पूरे समय श्रद्धाभाव में लीन नजर आईं। कभी हाथ जोड़कर मां गंगा का स्मरण करतीं तो कभी आरती के भजनों पर तालियां बजाकर अपनी आस्था व्यक्त करती दिखाई दीं।
विज़िटर बुक में लिखा भावुक संदेश
गंगा सेवा निधि की विज़िटर बुक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिखा, “आज मां गंगा की आरती में शामिल होकर मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मान रही हूं। मां गंगा के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित करती हूं। सभी के कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना करती हूं। अपने राज्य के लिए भी मां गंगा से आशीर्वाद मांगती हूं। मां गंगा मेरी प्रार्थना स्वीकार करें।”
गंगा सेवा निधि ने किया सम्मानित
गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव सुरजीत सिंह एवं सचिव हनुमान यादव ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का अंगवस्त्र, प्रसाद एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता लगभग 45 मिनट तक दशाश्वमेध घाट पर रहीं। इस दौरान उन्होंने पूरे श्रद्धा भाव के साथ मां गंगा की आरती का दर्शन किया और काशी की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा की सराहना की।