वाराणसी।शेयर बाजार में नुकसान से आहत युवक राजघाट रेलवे पुल पर पहुंचा, रामनगर पुलिस ने तत्परता से बचाया।

वाराणसी। शेयर बाजार में ट्रेडिंग के दौरान हुए नुकसान से आहत होकर आत्महत्या की कोशिश करने पहुंचे एक युवक को रामनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बचा लिया। पुलिस टीम ने युवक को समझा-बुझाकर राजघाट रेलवे पुल से नीचे उतारा और बाद में उसकी काउंसलिंग कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को सूजाबाद चौकी प्रभारी को सूचना मिली कि रांची निवासी करीब 35 वर्षीय युवक चंदन कुमार शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के दौरान हुए नुकसान से परेशान होकर वाराणसी के राजघाट रेलवे पुल पर पहुंच गया है। युवक ने पुल से आत्महत्या करने की बात कहते हुए एक वीडियो बनाकर अपने परिजनों को भी भेजा था।

सूचना मिलते ही सूजाबाद चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रशान्त पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राजघाट रेलवे पुल पर सर्च अभियान चलाया। पुलिस ने युवक को पुल पर खोज लिया और समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया।

इसके बाद युवक को सूजाबाद चौकी लाया गया, जहां पुलिस टीम ने उसकी काउंसलिंग की। स्थिति सामान्य होने पर युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

युवक की पहचान चंदन कुमार पुत्र सुरेश प्रसाद, निवासी कुसुम विहार, मोराबादी, जनपद रांची, झारखंड, उम्र करीब 35 वर्ष के रूप में हुई है।

इस त्वरित कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक प्रशान्त पाण्डेय, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कुमार मौर्या, उपनिरीक्षक हरेन्द्र सिंह, आरक्षी धनन्जय और आरक्षी सदानन्द चौरसिया शामिल रहे।

पुलिस की तत्परता से युवक की जान बचाई गई और उसे सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *