
महापौर व नगर आयुक्त ने अस्सी-नगवां क्षेत्र में नालों की सफाई का लिया जायजा
-नालों से कचरा हटाने व क्षतिग्रस्त सड़कों के पैच वर्क कराने का दिया निर्देश
वाराणसी : बरसात से पहले नालों की सफाई नगर निगम की प्राथमिकता है । इसकी मानिटरिंग महापौर अशोक कुमार तिवारी व नगर आयुक्त हिमांशु पाल स्वयं कर रहे हैं । इस क्रम में बुधवार को दोनों अधिकारियों ने अस्सी और सीर गोवर्धन क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का स्थलीय निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था की हकीकत जांची और अस्सी व सीर क्षेत्र के प्रमुख नालों से कचरा हटाने के निर्देश दिया । मौके पर क्षतिग्रस्त सड़कों के पैच वर्क और मरम्मत कार्य की भी समीक्षा की ।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने नगवां और आसपास के क्षेत्रों में नालों की सफाई का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून आने से पहले सभी छोटे-बड़े नालों की सिल्ट पूरी तरह साफ कर ली जाए, ताकि बारिश के दौरान सड़कों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इस दौरान उन्होंने जनता से क्षेत्र की साफ-सफाई, सड़कों की स्थिति और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। नागरिकों ने जल निकासी को लेकर कुछ सुझाव दिए, जिस पर महापौर ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। वहीं नगर आयुक्त हिमांशु पाल ने विभागीय अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि निरीक्षण में पाई गई कमियों को अविलंब दूर कराने का निर्देश दिया। साथ ही लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। निरीक्षण के दौरान पार्षद अक्षवयर सिंह, सुरेश सिंह, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, मुख्य अभियंता आरके सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे ।