वाराणसी।त्रिदेव मंदिर में राधा-कृष्ण का जल विहार बना आकर्षण का केंद्र, हिम शिवलिंग के दर्शन को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।

वाराणसी। त्रिदेव मंदिर में रविवार को भव्य धार्मिक आयोजन के दौरान वृंदावन के मोहक फूल बंगले के बीच विशाल झील में फुहारों के बीच सजी राधा-कृष्ण के जल विहार की जीवंत झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। फूलों के झूले पर विराजमान राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकी निहारने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं राणी सती दादी, सालासर हनुमान और खाटू श्याम प्रभु के चितचोर साज-श्रृंगार के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस अवसर पर त्रिदेवों को छप्पन भोग अर्पित कर भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया।

कोलकाता से आए कुशल मालियों ने विभिन्न प्रकार के देशी और विदेशी फूलों से मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया। चमेली, जूही, सफेद व गुलाबी कमल, रजनीगंधा, ऑर्किड, गुलाब की पंखुड़ियों, हरी पत्तियों और कामिनी की पत्तियों से तैयार वृंदावन का फूल बंगला देखते ही बन रहा था। फूलों के झूले में राणी सती दादी, सालासर हनुमान जी, गणेश जी, खाटू श्याम जी, शिव परिवार, राम दरबार, लक्ष्मी जी और दुर्गा जी को विराजमान किया गया था।

मंदिर परिसर में तैयार की गई कामिनी की पत्तियों, रजनीगंधा, ऑर्किड और गुलाब की पंखुड़ियों से बनी आकर्षक गुफा भी श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक और मनोहारी छटा से जगमगा उठा।

करीब 60 फीट चौड़ी झील में फुहारों के बीच रंग-बिरंगे झूले पर सजी राधा-कृष्ण की जल विहार झांकी जीवंत प्रतीत हो रही थी। झील में कबूतर, बगुले और हंस विचरण करते नजर आए। हरियाली, झरनों की फुहार और हिम शिवलिंग के साथ श्रद्धालुओं को द्वादश ज्योतिर्लिंगों के दर्शन भी कराए गए।

हिम शिवलिंग के दर्शन के लिए मंदिर के परिक्रमा पथ पर करीब 300 बर्फ की सिल्लियां बिछाई गई थीं। वहीं फर्श पर गुलाब की पंखुड़ियां बिछाए जाने से पूरे रास्ते में गुलाब की भीनी-भीनी खुशबू और शीतलता का एहसास श्रद्धालुओं को होता रहा। भजनों की मधुर धुनों के बीच भक्तिभाव में डूबे श्रद्धालु लगातार दर्शन और परिक्रमा करते रहे।

त्रिदेव मंदिर राणी सती श्याम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष भरत सराफ और मंत्री राधे गोविंद केजरीवाल ने संयुक्त रूप से तीनों विग्रहों की पूजा-अर्चना की।

आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष भरत सराफ, मंत्री राधे गोविंद केजरीवाल, अनूप सराफ, सुरेश तुलस्यान, अनिल सराफ, राम बूबना, विजय मोदी, सज्जन सिंघी, राकेश देवड़ा, प्रकाश थानेवाल, सुनील अग्रवाल, रूपेश सनथोलिया, विजय खेमका सहित त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार के सभी सदस्यों का सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *