
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र और धर्मनगरी काशी में भोजपुरी फिल्म ‘घायल आशिक’ का भव्य मुहूर्त धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान फिल्म से जुड़ी पूरी टीम, स्थानीय कलाकारों और सिनेमा प्रेमियों की मौजूदगी में फिल्म की शूटिंग का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
फिल्म में हर्षित सिंह ठाकुर मुख्य अभिनेता और रानी मिश्रा मुख्य अभिनेत्री की भूमिका में नजर आएंगी। दोनों की नई जोड़ी को लेकर फिल्म के मेकर्स और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
फिल्म के निर्माता अजय कुमार निरहुआ हैं, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी नीलकमल चौहान संभाल रहे हैं। निर्माता-निर्देशक ने बताया कि ‘घायल आशिक’ की कहानी प्रेम, रिश्तों और पारिवारिक भावनाओं से जुड़ी है, जो दर्शकों को शुरुआत से अंत तक बांधे रखने का प्रयास करेगी।
फिल्म में रोमांस के साथ पारिवारिक मूल्यों, रिश्तों की गहराई और भावनात्मक पहलुओं को प्रमुखता दी गई है। मेकर्स के मुताबिक, यह फिल्म मनोरंजन के साथ दर्शकों को भावनात्मक रूप से भी जोड़ने का काम करेगी।
फिल्म की शूटिंग वाराणसी की प्रमुख सांस्कृतिक और ऐतिहासिक लोकेशनों पर की जाएगी। ऐसे में पर्दे पर काशी की गलियां, संस्कृति, परंपरा और बनारसी परिवेश की वास्तविक झलक देखने को मिलेगी।
निर्माता-निर्देशक को उम्मीद है कि ‘घायल आशिक’ भोजपुरी सिनेमा के दर्शकों को पसंद आएगी और हर्षित सिंह ठाकुर व रानी मिश्रा की नई जोड़ी दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाने में सफल होगी।