
चंदौली, 12 सितंबर 2026। अलीनगर थाना पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक लादे गए दो गोवंश बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाने का भी प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे पचफेड़वा रिंग रोड के पास सर्विस लेन पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान वाराणसी की ओर से चंदौली की तरफ आ रहे पिकअप वाहन संख्या UP65LT5475 को रोकने का प्रयास किया गया। वाहन चालक ने पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और उसमें सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष महतो (19 वर्ष), निवासी छोटा लालपुर, थाना पाण्डेयपुर, वाराणसी तथा सिपुल सिंह (36 वर्ष), निवासी ग्राम जिगनी, थाना दुर्गावती, जिला कैमूर भभुआ, बिहार के रूप में हुई है।
पूछताछ में तस्करी का खुलासा
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मैजिक वाहन से गोवंश को वाराणसी से चंदौली होते हुए बिहार और फिर पश्चिम बंगाल ले जा रहे थे। आरोपियों के मुताबिक, गोवंश को वध के लिए ले जाया जा रहा था और इसके बदले मिलने वाली रकम को वाहन स्वामी सहित आपस में बांट लिया जाता था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा पुलिस से बचने के लिए वाहन में छोटी बछिया भी लादने की बात सामने आई है।
मुकदमा दर्ज, विधिक कार्रवाई जारी
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना अलीनगर में मु.अ.सं. 572/26 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/5बी/8, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 तथा धारा 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी
- एक मैजिक वाहन संख्या UP65LT5475
- दो गोवंश
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
- प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, थाना अलीनगर
- उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार गुप्ता, चौकी प्रभारी लौंदा
- हेड कांस्टेबल विकास कन्नौजिया, थाना अलीनगर