चंदौली।बकरीद को लेकर चन्दौली पुलिस अलर्ट, सभी थानों पर हुई पीस कमेटी की बैठक।

चन्दौली, 24 मई 2026: आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि, संभ्रांत नागरिक एवं प्रबुद्ध लोग शामिल हुए।

बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सभी से त्योहार को भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही शासन एवं उच्चाधिकारियों के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बकरीद की नमाज केवल मस्जिदों एवं ईदगाहों के अंदर ही अदा की जाए। किसी भी सार्वजनिक मार्ग या सड़क पर नमाज न पढ़ी जाए, जिससे आमजन एवं यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

इसके अलावा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए गए। कुर्बानी केवल निर्धारित एवं बंद स्थानों पर ही किए जाने की बात कही गई, ताकि किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों। कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्टों का उचित निस्तारण करने तथा उन्हें खुले में न फेंकने के लिए भी कहा गया।

बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा गया कि किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। अफवाह फैलाने वालों एवं माहौल खराब करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने बिजली, पानी और साफ-सफाई जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त और निगरानी रखने के लिए पाबंद किया गया है, ताकि बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *