चंदौली।दहेज की भेंट चढ़ी एक और बेटी! हत्या को आत्महत्या का रूप देने का आरोप, पति गिरफ्तार।

चन्दौली। दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में मुगलसराय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मायके पक्ष का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मीरजापुर के जमालपुर थाना क्षेत्र के कैमा रसूलपुर निवासी किशन पटेल ने मुगलसराय थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी बहन प्रिया पटेल की शादी वर्ष 2022 में हनुमानपुर निवासी अजय पटेल उर्फ गोपी पटेल से हुई थी। शादी के बाद से पति, देवर और ननद अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करते थे।

आरोप है कि 22 जून को प्रिया अपने मायके से ससुराल लौटी थीं। 26 जून की रात करीब 8:30 बजे पति ने फोन कर सूचना दी कि प्रिया ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मृतका के गले पर फांसी के फंदे का कोई निशान नहीं था। इसके बाद मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि प्रिया की हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।

तहरीर के आधार पर मुगलसराय थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर हनुमानपुर गांव में घेराबंदी कर आरोपी पति अजय पटेल उर्फ गोपी पटेल (29 वर्ष) को उसके घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि मामले की विवेचना जारी है।

पुलिस का कहना है कि विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *