जनपद जौनपुर।हिस्ट्रीशीटर एवं भू-माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग, थानागद्दी गांव के ग्रामवासियों में दहशत का माहौल।

जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के एक चर्चित हिस्ट्रीशीटर एवं कथित भू-माफिया के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर थानागद्दी गांव के ग्रामवासियों एवं पीड़ित परिवार ने प्रशासन से गुहार लगाई है। रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर स्वर्गीय रामसेवक मिश्रा की पुत्रवधू तथा वैदिक फाउंडेशन काशी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं समाजसेविका शारदा मिश्रा ने आरोप लगाया है कि केराकत थाना क्षेत्र के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल हिस्ट्रीशीटर अशोक शुक्ला द्वारा उन्हें एवं उनके परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।

शारदा मिश्रा के अनुसार अशोक शुक्ला ने उन्हें जान से मारने, घर गिराने तथा पूरे परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी है। इस संबंध में उन्होंने केराकत थाने में प्रार्थना पत्र दिया, जिसके आधार पर अशोक शुक्ला एवं उसके भतीजे मुकेश शुक्ला के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि अशोक शुक्ला एवं उसका भतीजा क्षेत्र के लोगों को भयभीत कर अवैध रूप से जमीनों पर कब्जा करने का प्रयास करते हैं तथा विरोध करने वालों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देते हैं। इससे पूरे गांव में भय और असुरक्षा का वातावरण बना हुआ है।

शारदा मिश्रा ने कहा कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी की गतिविधियों में कोई कमी नहीं आई है और वह लगातार दबंगई दिखाकर परिवार को मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। उन्होंने जनपद के पुलिस अधीक्षक, जिलाधिकारी, डीआईजी, डीजीपी उत्तर प्रदेश तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि आरोपी के विरुद्ध दर्ज सभी मुकदमों की निष्पक्ष जांच कराकर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने गांव के नाले को पाटकर तथा कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से भूमि पर अवैध कब्जा किया है। ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर क्षेत्र में कानून का राज स्थापित किया जाए तथा आम नागरिकों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *