वाराणसी कैंट जीआरपी थाने का पुलिस महानिदेशक रेलवे द्वारा निरीक्षण।

समाचार आजकल।

वाराणसी,
पुलिस महानिदेशक रेलवे, प्रकाश डी. द्वारा आज जीआरपी थाना वाराणसी कैंट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान यात्री सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को मजबूत करने के लिए अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों की समीक्षा की गई।

निरीक्षण की शुरुआत महिला हेल्प डेस्क के अवलोकन से हुई, जहां पीड़ित महिलाओं की शिकायतों के त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण के लिए तैनात महिला पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही “ऑपरेशन मुस्कान” एवं “मिशन शक्ति” अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

महानिदेशक ने थाने में उपलब्ध तकनीकी संसाधनों जैसे बॉडी वॉर्न कैमरा, टैबलेट एवं अन्य उपकरणों की कार्यक्षमता का बारीकी से परीक्षण किया और इनके अधिकतम उपयोग पर बल दिया। इस दौरान हाल ही में प्रस्तुत “यक्ष (Yaksh) ऐप” की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस ऐप के माध्यम से अपराधियों की त्वरित पहचान एवं संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने पर जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों से भी संवाद स्थापित किया गया। अपराध समीक्षा बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण एवं ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए। बेहतर कार्यप्रणाली के लिए संबंधित अधिकारियों की सराहना भी की गई।

इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए कांस्टेबल जय किशन (पीएनओ-1552763075) एवं महिला कांस्टेबल संगम सिंह (पीएनओ-162221220) को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

निरीक्षण के दौरान आईजी प्रयागराज एन. कोलांची, सीओ वाराणसी श्री कुंवर प्रभात सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *