वाराणसी।ओटीएस-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर वी.डी.ए. की अहम बैठक, बकाया वसूली में तेजी लाने के निर्देश।


वाराणसी विकास प्राधिकरण, वाराणसी
प्रेस-विज्ञप्ति

आज दिनांक 06.05.2026 को वाराणसी विकास प्राधिकरण, वाराणसी द्वारा प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित एकमुश्त समाधान योजना (ओ.टी.एस.)-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के दृष्टिगत प्राधिकरण सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। बैठक की अध्यक्षता सचिव महोदय डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा द्वारा की गई, जिसमें संपत्ति विभाग एवं मानचित्र से संबंधित कर्मचारियों ने सहभागिता की।

बैठक में बकाया धनराशि की वसूली की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित कर्मचारियों से फीडबैक प्राप्त किया गया। सचिव महोदय ने निर्देशित किया कि बकायेदारों से संपर्क स्थापित कर बकाया राशि वसूली हेतु ठोस रणनीति अपनाई जाए। इसके अंतर्गत डोर-टू-डोर अभियान चलाने के लिए विशेष टीमों का गठन करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रत्येक बकायेदार तक सीधे पहुंचकर उन्हें ओ.टी.एस.-2026 योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा सके।

सचिव महोदय ने स्पष्ट किया कि जिन बकायेदारों द्वारा इस योजना का लाभ नहीं लिया जाएगा, भविष्य में उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना बकायेदारों को राहत प्रदान करने का सुनहरा अवसर है, अतः इसका अधिकतम लाभ उठाना सभी के हित में है।

बैठक में उपस्थित जोनल अधिकारियों एवं अवर अभियंताओं (जेई) को सख्त निर्देश दिए गए कि वे फील्ड में सक्रिय रूप से कार्य करें और वसूली कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही या उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी तथा कार्य में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान नगर नियोजक प्रभात कुमार, संपत्ति अधिकारी रमेश चंद दुबे व सब-जोन के जोनल अधिकारी, अवर अभियंता एवं संपत्ति विभाग से संबंधित लिपिक उपस्थित रहे।

— समाप्त —

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *