
समाचार आजकल।
चन्दौली, 10 जून 2026। जनपद में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली चन्दौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार ले जाए जा रहे 6 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त तीन मैजिक वाहनों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों, वांछित अभियुक्तों तथा अवैध पशु तस्करी की रोकथाम के लिए सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग गोवंशीय पशुओं को वाहनों में लादकर बिहार की ओर ले जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नवीन मंडी के समीप मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। कुछ ही देर बाद एक के पीछे एक आ रहे तीन मैजिक वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहनों से कुल छह गोवंशीय पशु बरामद किए गए और मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न क्षेत्रों से गोवंशीय पशुओं को एकत्र कर बिहार ले जाते थे। इसके बदले उन्हें प्रति चक्कर पांच हजार रुपये मेहनताना मिलता था।
गिरफ्तार आरोपियों में सर्वजीत मौर्या निवासी शिवपुर (बबुरी), संजय सिंह निवासी फेसुड़ा (सैयदराजा), प्रिन्स गुप्ता निवासी नेवढ़िया बाजार तथा राम उजागर सिंह निवासी हथेरा (जौनपुर) शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0-299/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद तीनों मैजिक वाहनों को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
चन्दौली पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध पशु तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।