चन्दौली साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साइबर ठगी गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार।

चन्दौली, 14 जून 2026। चन्दौली साइबर क्राइम थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और दो कूटरचित आधार कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी सत्कार निधि लिमिटेड कंपनी की आड़ में लोगों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मु0अ0सं0 14/26 में वांछित अभियुक्त सतीश राय और शेखर कुशवाहा को मुगलसराय-सकलडीहा स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।

पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित रूप से साइबर ठगी के अपराध में संलिप्त थे। आरोपियों ने बताया कि वे सत्कार निधि लिमिटेड कंपनी के नाम पर लोगों को झांसा देकर धनराशि विभिन्न खातों में मंगवाते थे और बाद में रकम निकालकर आपस में बांट लेते थे।

जांच में यह भी सामने आया कि साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि आरोपियों के व्यक्तिगत बैंक खातों में भी ट्रांसफर की जाती थी। इन खातों के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों से साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज हैं। गिरफ्तारी से बचने और अपनी पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने अपने फोटो लगे हुए फर्जी आधार कार्ड भी बनवा रखे थे, जिनमें गलत नाम और पते दर्ज थे।

गिरफ्तार अभियुक्त

  • सतीश राय (36 वर्ष), हाल निवासी कछीयाना मोहल्ला, तालपुरा, झांसी
  • शेखर कुशवाहा, निवासी भोगवार, थाना अलीनगर, जनपद चन्दौली

बरामदगी

  • 02 मोबाइल फोन
  • 02 कूटरचित आधार कार्ड

पुलिस की अपील

अपर पुलिस अधीक्षक सदर ने जनसामान्य से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति, संस्था या कंपनी के झांसे में आकर निवेश, ऋण अथवा वित्तीय लाभ के नाम पर धनराशि जमा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही निकटतम पुलिस स्टेशन या साइबर थाना से भी संपर्क करें।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

  • निरीक्षक हरिनारायण पटेल, प्रभारी थाना साइबर क्राइम चन्दौली
  • उपनिरीक्षक मिर्जा रिजवान बेग, साइबर सेल प्रभारी
  • कांस्टेबल मनोज चौहान
  • कांस्टेबल संदीप कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *