चंदौली पुलिस का बड़ा एक्शन: 501.380 किलो गांजा बरामद, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1.25 करोड़ से अधिक।

आकाश पटेल की अगुवाई में बड़ी सफलता, 501 किलो गांजा और करोड़ों का नशा बरामद

मुगलसराय में करोड़ों के गांजे के साथ दो शातिर तस्कर गिरफ्तार, 501 किलो माल बरामद

चन्दौली। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चन्दौली पुलिस और एसटीएफ वाराणसी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 501.380 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.25 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में बिहार के रोहतास जिले के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, मुगलसराय थाना पुलिस और एसटीएफ वाराणसी की टीम ने कटरिया अंडरपास के पास पराग डेयरी के समीप चेकिंग अभियान के दौरान टाटा अल्ट्रा ट्रक संख्या BR24GD8352 को रोककर तलाशी ली। ट्रक में लोहे के एंगल और मसालों की आड़ में छिपाकर रखी गई 20 बोरियों से कुल 501.380 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुरेन्द्र सिंह यादव एवं राजकुमार यादव निवासी सासाराम, जनपद रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा के बौध जनपद से गांजा खरीदकर बिहार और पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में ऊंचे दामों पर बेचने का काम करते थे। इस खेप को वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में खपाने की योजना थी।

जनपद में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही चन्दौली पुलिस की इस सफलता को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व से जोड़कर देखा जा रहा है। एसपी आकाश पटेल के कार्यभार संभालने के बाद से जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे अपराध जगत में हड़कंप और कानून का भय स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। उनकी सक्रिय कार्यशैली, बेहतर मॉनिटरिंग और परिणामोन्मुख पुलिसिंग के चलते चन्दौली पुलिस लगातार बड़ी सफलताएं दर्ज कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *