पत्नी, प्रेमी और साथी ने मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, चंदौली पुलिस ने 24 घंटे में किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा।

चंदौली। जनपद चंदौली की थाना अलीनगर पुलिस ने महेवा नहर के पास हुए सनसनीखेज हत्याकांड का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, उसके कथित प्रेमी और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार प्रेम-प्रसंग में बाधक बने पति की पूर्व नियोजित साजिश के तहत धारदार चाकू से गला रेतकर हत्या की गई थी।

पुलिस के मुताबिक 25 जून को महेवा गौरी माइनर के पास पुलिया के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। बाद में शव की पहचान महादेवपुर निवासी 40 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई। मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि राजेश कुमार की पत्नी उर्मिला देवी के लखमीपुर निवासी जितेन्द्र शर्मा उर्फ राहुल से कथित अवैध संबंध थे, जिसका राजेश लगातार विरोध करता था। इसी वजह से पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी विनोद पाल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेवसा अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान जितेन्द्र शर्मा और विनोद पाल को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित चाकू, खून से सने कपड़े, घटना में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की गई। वहीं तीसरी अभियुक्ता उर्मिला देवी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 24 जून को जमीन दिखाने के बहाने राजेश कुमार को घर से बुलाया गया। रास्ते में उसे शराब पिलाई गई और नशे की हालत में महेवा नहर के पास ले जाकर उसका गला रेत दिया गया। हत्या के बाद शव को नहर में फेंककर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस पूरे हत्याकांड के सफल खुलासे में थाना अलीनगर पुलिस एवं सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *