
चंदौली। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक चंदौली के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों और जुलूस मार्गों पर भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों, इमामबाड़ों और प्रमुख चौराहों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को सतर्क रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों तथा संभ्रांत लोगों से संवाद कर मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने या किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के कोई भी संदेश साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।
फ्लैग मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक सदर, क्षेत्राधिकारीगण, विभिन्न थाना प्रभारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि मोहर्रम पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।