Chandauli News: तेज बहाव में फंसे तीन सैलानियों की बची जान, नौगढ़ पुलिस और वन विभाग ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन।

चंदौली। नौगढ़ थाना क्षेत्र के राजदारी-देवदारी जलप्रपात के समीप चंद्रप्रभा नदी में स्नान करना तीन सैलानियों के लिए उस समय खतरनाक साबित हो गया, जब अचानक हुई तेज बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव के बीच तीनों युवक फंस गए। सूचना मिलते ही नौगढ़ पुलिस और वन विभाग की टीम ने त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तीनों को सकुशल बाहर निकाल लिया।

घटना रविवार 30 अगस्त 2026 की दोपहर करीब 3 बजे की बताई गई है। राजदारी-देवदारी जलप्रपात से लगभग 800 मीटर दूर चंद्रप्रभा बांध की तरफ नदी में तीन युवक स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और बहाव इतना तेज हो गया कि तीनों युवक नदी के बीच फंस गए।

सूचना मिलते ही चंद्रप्रभा चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल शिव जी शर्मा और कांस्टेबल सतीश यादव बिना देरी किए मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में वन विभाग की टीम भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।

पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने तेज बहाव के बीच फंसे तीनों युवकों को सुरक्षित निकालने के लिए त्वरित रणनीति के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़े प्रयासों के बाद तीनों सैलानियों को नदी से सकुशल बाहर निकाल लिया गया।

सकुशल बचाए गए युवकों में आनंद सिंह (22 वर्ष), निवासी चंदौली, अभिषेक जायसवाल (19 वर्ष), निवासी नदेसर, वाराणसी और करण मौर्य (21 वर्ष), निवासी चौकाघाट, वाराणसी शामिल हैं।

रेस्क्यू के बाद तीनों युवकों को आवश्यक प्राथमिक देखभाल उपलब्ध कराई गई और इसके बाद उन्हें सकुशल उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदियों, जलप्रपातों और बांधों के आसपास विशेष सतर्कता बरतें। गहरे पानी और तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने अथवा स्नान करने से बचें, क्योंकि अचानक बारिश होने पर जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है।

नौगढ़ पुलिस और वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से तेज बहाव में फंसे तीनों सैलानियों की जान सुरक्षित बचाई जा सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *