
चंदौली/डीडीयू नगर। नेपाल से भारत लौटकर महाराष्ट्र की ओर यात्रा कर रहे 106 यात्रियों के लिए पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल महिला कल्याण संगठन ने संवेदनशील पहल करते हुए डीडीयू जंक्शन पर शॉर्ट नोटिस में विशेष यात्री सुविधाओं की व्यवस्था की। यात्रियों के लिए नाश्ता, फल, पानी, चाय और स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शनिवार की सुबह ट्रेन संख्या 17609 पटना–पूर्णा एक्सप्रेस के डीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या चार पर पहुंचने पर मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना और डीडीयू मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती चित्रा सिंह स्वयं यात्रियों के बीच पहुंचीं। दोनों ने कोच में जाकर यात्रियों से मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना और यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
महिला कल्याण संगठन की ओर से यात्रियों के लिए नाश्ते के पैकेट, फल, पानी की बोतल और चाय की व्यवस्था की गई। संगठन की सदस्याओं और रेल कर्मचारियों ने यात्रियों की सीट तक खाद्य सामग्री पहुंचाई। साथ ही यात्रियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा टीम की भी व्यवस्था की गई, जहां जरूरतमंद यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
रेल प्रशासन के अनुसार नेपाल में बाढ़ की स्थिति के बीच भारत लौट रहे यात्रियों की सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। पटना में इन यात्रियों के लिए दो अतिरिक्त थर्ड एसी कोच लगाए गए और उन्हें सीट उपलब्ध कराई गई।
यात्रा के दौरान यात्रियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से डीडीयू मंडल की ओर से दो अतिरिक्त टिकट परीक्षकों की विशेष व्यवस्था की गई। उन्हें यात्रियों के साथ प्रयागराज तक भेजा गया, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
दानापुर मंडल से सूचना मिलने के बाद डीडीयू मंडल ने बेहद कम समय में यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह विशेष व्यवस्था की। महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं और विभिन्न रेल अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे।
यात्रियों ने डीडीयू मंडल महिला कल्याण संगठन की इस त्वरित और आत्मीय पहल की सराहना करते हुए रेल प्रशासन और महिला कल्याण संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया।
रेल प्रशासन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि आपदा अथवा विषम परिस्थितियों में यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।