₹5 हजार के लालच में रिश्तों से गद्दारी! मौसी के गहने कराए चोरी, 24 घंटे में पुलिस ने खोला राज।

चन्दौली। रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना का थाना सैयदराजा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। शादी समारोह के दौरान मौसी के बैग से सोने-चांदी के गहने चोरी कराने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अभिजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए गहने भी बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, इब्राहिमपुर निवासी पिंकी यादव अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए परेवा गांव आई थीं। इसी दौरान उनके बैग से सोने की सिकड़ी, मांगटीका और चांदी की बिछिया चोरी हो गई। जांच में सामने आया कि अभिजीत यादव ने एक नाबालिग रिश्तेदार को ₹5 हजार का लालच देकर अपनी ही मौसी के बैग से गहने चोरी कराए थे।

थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर एनएच-19 स्थित बरठी-कमरौर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने की सिकड़ी, एक सोने का मांगटीका और तीन चांदी की बिछिया बरामद की हैं।

पूछताछ में बाल अपचारी ने बताया कि उसे ₹5 हजार देने का लालच देकर चोरी के लिए उकसाया गया था। चोरी के बाद गहनों को आपस में बांट लिया गया था और उन्हें दूसरे जिले में बेचने की तैयारी थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए मामले की आगे की विवेचना शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *