
चन्दौली, 4 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) जनपद चन्दौली में शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शी व्यवस्थाओं के बीच शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा के अंतिम दिन सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की सतर्क निगरानी में पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। जिला प्रशासन, पुलिस एवं शिक्षा विभाग की संयुक्त टीमों ने सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अंतिम दिन जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कुल 5,112 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 4,641 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 471 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की गई। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, सघन चेकिंग और प्रशासनिक सतर्कता के चलते परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और बिना किसी अवांछित घटना के संपन्न हुई।
जिला प्रशासन ने परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, केंद्र व्यवस्थापकों, पुलिस बल एवं अन्य संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया।