एसपी आकाश पटेल की अपराध समीक्षा बैठक में बड़ा फैसला, 23 पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई, 12 उत्कृष्ट पुलिसकर्मी हुए सम्मानित।
चंदौली। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक के दौरान बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। समीक्षा में लापरवाही और कमजोर कार्यप्रणाली सामने आने पर थाना अलीनगर, थाना धानापुर और थाना कंदवा के थानाध्यक्षों का तबादला कर दिया गया, जबकि लगातार वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश न लगा पाने के कारण कस्बा चौकी चंदौली के चौकी इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, गोवंश तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई, लंबित विवेचनाओं, निरोधात्मक कार्रवाई तथा जनशिकायतों के निस्तारण की विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान थाना अलीनगर के प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ला को हटाकर पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) निरीक्षक गगन राज सिंह को नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया। अलीनगर क्षेत्र में लूट, छिनैती जैसी घटनाओं के अनावरण में अपेक्षित प्रगति न होने, निरोधात्मक कार्रवाई कमजोर रहने तथा गोवंश तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई न करने को इस निर्णय का प्रमुख कारण बताया गया।
इसी क्रम में थाना धानापुर के प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन को हटाकर डीसीआर प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्रा को नया थानाध्यक्ष बनाया गया। उनकी कार्यशैली को शिथिल पाए जाने और संवेदनशील मामलों की सूचना समय से उच्चाधिकारियों तक न पहुंचाने पर यह कार्रवाई की गई।
वहीं थाना कंदवा के प्रभारी निरीक्षक राजीव मल्ल के स्थान पर वीएसटी टीम में तैनात उपनिरीक्षक विनोद अंचल को थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
समीक्षा बैठक में कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर 23 पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी की गई। इनमें वेतन समतुल्य अर्थदंड और परिनिंदा दंड जैसी कार्रवाई शामिल है। दूसरी ओर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित टीमों में परीक्षा ड्यूटी का सफल संचालन, हत्या का त्वरित खुलासा, गो-तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, साइबर अपराध गिरोह का भंडाफोड़ तथा 13 वर्षों से फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली टीमें शामिल रहीं।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध नियंत्रण, गोवंश तस्करी पर कठोर कार्रवाई, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, प्रभावी निरोधात्मक पुलिसिंग और जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कड़ी विभागीय एवं प्रशासनिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।