ऑपरेशन क्लीन के तहत सिंधौरा थाने में 16 लावारिस व मुकदमाती वाहनों की नीलामी, ₹2.46 लाख की मिली सर्वाधिक बोली.

वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती ज़ोन अंतर्गत थाना सिंधौरा में रविवार को “ऑपरेशन क्लीन” अभियान के तहत माल मुकदमाती एवं लावारिस वाहनों की नीलामी प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई। नीलामी में कुल 16 वाहनों की बिक्री से ₹2,46,000 की सर्वाधिक बोली प्राप्त हुई।

यह नीलामी सहायक पुलिस आयुक्त पिंडरा प्रशांत कुमार के नेतृत्व में सम्पन्न हुई। इस दौरान थानाध्यक्ष सिंधौरा पंकज कुमार पांडेय, प्रभारी एमटी शाखा तथा मुख्य आरक्षी रणजीत यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

पुलिस के अनुसार, माननीय एसीजेएम-प्रथम, वाराणसी के आदेश के अनुपालन में नीलामी से पहले दैनिक समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया था, ताकि अधिक से अधिक लोग नीलामी में भाग ले सकें।

नीलामी के दौरान सभी 16 माल मुकदमाती एवं लावारिस वाहनों का मूल्यांकन कर नियमानुसार बोली लगवाई गई। सर्वाधिक ₹2,46,000 की बोली मिलने पर सभी वाहनों की नीलामी विधिवत सम्पन्न कराई गई।

पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन क्लीन” अभियान का उद्देश्य थानों में लंबे समय से खड़े लावारिस और मुकदमाती वाहनों का नियमानुसार निस्तारण कर परिसर को व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *