
चंदौली। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धीना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और लैंगिक अपराध के मामले में वर्ष 2018 से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त अरबाज नट उर्फ खबरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध असलहा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, थाना धीना में वर्ष 2018 में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और लैंगिक अपराध के आरोप में आरोपी के खिलाफ धारा 363, 366, 376 भादवि एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। लगातार फरार रहने और न्यायालय के आदेश के बावजूद हाजिर न होने पर उसके खिलाफ धारा 174-A भादवि के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी महुजी तिराहा, जमानिया बॉर्डर से करीब 300 मीटर पहले मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने पीछे मुड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरबाज नट उर्फ खबरी पुत्र जलालुद्दीन नट, निवासी ग्राम कुशहां, थाना धीना, चंदौली, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध असलहा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के संबंध में थाना धीना में मु.अ.सं. 73/2026, धारा 3/25 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2018 में मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह पुलिस से बचने के लिए छिपकर रह रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अवैध असलहा अपनी सुरक्षा के लिए बिहार से खरीदने की बात भी स्वीकार की है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
- मु.अ.सं. 04/2018 — धारा 363, 366, 376 भादवि एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट, थाना धीना।
- मु.अ.सं. 0079/2018 — धारा 174-A भादवि, थाना धीना।
- मु.अ.सं. 73/2026 — धारा 3/25 बीएनएस, थाना धीना।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक पतई राम, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार मिश्रा, कांस्टेबल अमित मिश्रा एवं कांस्टेबल अमित दुबे शामिल रहे।