एआरटीओ कार्यालय में जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण: अव्यवस्थित फाइलों पर नाराजगी, अनुपस्थित कर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश।

तीन कर्मचारी, एआरटीओ व पीआरओ कार्यालय के अधिकारी/कर्मी मिले अनुपस्थित, शो-कॉज नोटिस के साथ एक दिन का वेतन बाधित करने के निर्देश

चन्दौली, 29 अगस्त 2026। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान तीन कर्मचारी, एआरटीओ तथा पीआरओ कार्यालय के अधिकारी/कर्मी अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन बाधित करने तथा कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज नोटिस) जारी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कार्यालय में रखी विभिन्न पत्रावलियों और अभिलेखों का गहनता से निरीक्षण किया। फाइलों पर धूल जमी और उनका रखरखाव अव्यवस्थित पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी अभिलेखों एवं पत्रावलियों को सुव्यवस्थित ढंग से रखा जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासकीय कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने और कार्यालयीन व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अपने कार्य से एआरटीओ कार्यालय पहुंचे आम नागरिकों से भी बातचीत की और कार्यालय में दलालों के हस्तक्षेप, कार्यों में अनावश्यक देरी तथा अन्य समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि एआरटीओ कार्यालय सीधे आम जनता से जुड़ा महत्वपूर्ण विभाग है, इसलिए यहां पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित सेवा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा आवेदकों के बैठने के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *