
मीरजापुर। जनपद के विंध्याचल थाना क्षेत्र में पुलिस ने गो-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक शातिर तस्कर को घायल कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच गोवंश, एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में विंध्याचल पुलिस टीम ने गैपुरा क्षेत्र से संदिग्ध वाहन का पीछा किया। दादर पहाड़ी के समीप पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन खुद को घिरता देख तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में रोहित यादव नामक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो अन्य साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गोवंश को बिहार ले जाकर बेचने का अवैध कारोबार करते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार रोहित यादव के विरुद्ध पूर्व से कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद गोवंश को सुरक्षित संरक्षण में भेजा गया है।
विंध्याचल पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।