
वाराणसी, 02 जुलाई 2026। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत थाना चोलापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दरोगा बनकर लोगों से ठगी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस की वर्दी, फर्जी पुलिस आईडी कार्ड, बैज, कैप, बेल्ट सहित अन्य सामान और नकदी बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजन प्रजापति (23 वर्ष) पुत्र सभापति प्रजापति, निवासी इन्द्रपुर, थाना शिवपुर, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। उसे 2 जुलाई 2026 की रात करीब 12:40 बजे थाना चोलापुर क्षेत्र के आयर बाजार-गहर मार्ग के पास से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पुलिस दरोगा की वर्दी पहनकर लोगों पर रौब जमाता था और पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे वसूलता था। उसने यह भी बताया कि उसने फर्जी नियुक्ति पत्र और फर्जी पुलिस आईडी कार्ड तैयार कर रखे थे। आरोपी ने यह भी कबूल किया कि उसने कुछ दिन पहले एक युवक से पुलिस में नौकरी दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये ठगे थे, जिन्हें वह अपनी शानो-शौकत और निजी खर्चों में खर्च कर चुका है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक खाकी वर्दी सेट, चार स्टार, पुलिस मोनोग्राम, बेल्ट, जूते, कैप, बैरेट कैप, पुलिस आईडी कार्ड, यूपी पुलिस बैज, आधार कार्ड, पैन कार्ड, निर्वाचन कार्ड, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, बैग, पर्स, ईयरफोन तथा 1,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
इस संबंध में थाना चोलापुर पर मु0अ0सं0 0268/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी एक अन्य आपराधिक मामला दर्ज है।
यह गिरफ्तारी प्रभारी निरीक्षक रघुनन्दन राम गौतम के नेतृत्व में थाना चोलापुर पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि आमजन को ठगी से बचाने और फर्जी पुलिसकर्मियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।